best news portal development company in india

पार्किंग विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बाजार में मचा हड़कंप

SHARE:

कुशीनगर। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बोदरवार बाजार निवासी 30 वर्षीय गोविंद साहनी शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर से सब्जी लेने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक बाजार के पास स्थित दलित बस्ती के रहने वाले सुभाष और उसके घर के लोगों ने गोविंद को घेरकर बेरहमी से पीटा। हमले में गंभीर रूप से घायल गोविंद खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे इस घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Comment