बलिया। जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में शादी के कुछ दिन बाद ही एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रिश्तेदार बनकर महिला के ससुराल पहुंचा था और मौका पाकर उसे लेकर घर में रखे सोने-चांदी के गहनों के साथ बाइक से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार चांद दियर क्षेत्र निवासी युवक की शादी 19 फरवरी को धूमधाम से हुई थी। कुछ दिनों बाद राहुल सिंह नामक युवक उसके घर पहुंचा और खुद को महिला का रिश्तेदार बताकर उससे मिला। इसी दौरान जब घर के लोग अपने काम में व्यस्त थे, तब वह घर में रखे सोने-चांदी के गहने लेकर महिला को बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पति ने महिला के मायके पक्ष को सूचना दी। इस पर महिला के पिता ने गांव के ही राहुल सिंह पर शक जताया। इसके बाद पीड़ित पति ने बैरिया थाने में राहुल सिंह के खिलाफ पत्नी के अपहरण और गहने लेकर फरार होने का मामला दर्ज कराया। मामले की जानकारी मिलने पर महिला खुद थाने पहुंची और पुलिस से कहा कि वह अपनी मर्जी से राहुल के साथ गई है और उसी के साथ रहना चाहती है। महिला ने बताया कि वह बालिग है और पति के साथ नहीं रहना चाहती। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी युवक से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







