सुलतानपुर। जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का शव नहर किनारे पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता का शव नहर किनारे पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार मुंजेश नगर चौराहे के पास नहर किनारे एक महिला के फंदे से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला अपनी ही साड़ी से पेड़ पर फंदा लगाकर लटकी हुई थी। उसका आधा शरीर नहर के पानी में और आधा पानी के ऊपर था। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पूछताछ में पता चला है कि लगभग 26 वर्षीय महिला की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि वह परिवार में किसी बात को लेकर नाराज होकर अपने ससुराल से घर से निकल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।







