इंदौर। शहर के परदेशीपुरा क्षेत्र में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल को बदमाशों के साथ जन्मदिन मनाना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार को निलंबित कर दिया है।
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार का बदमाशों के साथ जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार ने अपना जन्मदिन मनाया था। इस दौरान कार्यक्रम में कुछ बदमाश भी पहुंच गए और उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल को माला पहनाकर उनके साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच के आधार पर हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल बदमाशों के साथ नजर आ रहे हैं। जांच में पाया गया कि कार्यक्रम में संयोगितागंज क्षेत्र के रहने वाले अक्रात, आयुष और उनके रिश्तेदार विकास भी मौजूद थे, जिनके खिलाफ थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के साथ इस तरह सार्वजनिक रूप से संबंध दिखना विभाग की छवि के खिलाफ है, इसलिए कार्रवाई की गई है।







