कटनी। जिले के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात चाकूबाजी की घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। मामूली विवाद के बाद एक नाबालिग ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिले के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मछली मार्केट के पास हुई चाकूबाजी की घटना में बिहार के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मो. आसिफ अली (23) अपने साथियों के साथ दिल्ली की एक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। वह अपने साथियों के साथ 26 फरवरी को काम के सिलसिले में कटनी आया था और बरगवां क्षेत्र में एक कार्यालय में बिजली, वेल्डिंग और पेंटिंग का काम कर रहा था। बताया गया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे आसिफ अली खाना लेने के लिए जा रहा था। रास्ते में एक नाबालिग युवक ने उसके पैर पर थूक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से आसिफ की जांघ पर वार कर दिया। हमले में उसके पैर से अत्यधिक खून बहने लगा। घटना के बाद साथियों ने घायल आसिफ को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। अरुण पाल सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।







