बिजनौर। जिले के घासीवाला गाँव में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव से थोड़ी दूरी पर ग्राम समाज की जमीन पर खड़े पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान सागर सरदार उर्फ भोलेू पुत्र कृष्ण सरदार के रूप में हुई है। वह पेशे से कार मैकेनिक था औरबैराज रोड स्थित एक गैराज में काम करता था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के घासीवाला गाँव में 25 वर्षीय युवक सागर सरदार उर्फ भोलेू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शुक्रवार को युवक का शव ग्राम समाज की जमीन पर खड़े पेड़ से फंदे पर लटका पाया गया। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, सागर का एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर गांव में चर्चा थी और दो दिन पहले पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को संबंध समाप्त करने की सलाह दी। इसके बाद से वह तनाव में था। शहर कोतवाल राम प्रताप और चौकी इंचार्ज ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक का महिला से संबंध परिवार में उजागर हो चुका था, जिससे घर में विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि सामाजिक दबाव और संबंध उजागर होने के डर के कारण युवक ने यह कदम उठाया हो सकता है। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।







