गोंडा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी विकाश मिश्रा के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी विकाश मिश्रा के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार ग्राम पहली की निवासी सुशीला यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि 2 मार्च की दोपहर लगभग 12 बजे एक काले रंग की थार गाड़ी से आए व्यक्तियों ने उनके पति अंकित कुमार यादव को घर से बुलाया। अंकित अपनी बाइक से कटरा तिराहा की ओर निकले ही थे कि रास्ते में अकबरपुर चौराहे के पास उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवाबगंज पुलिस ने कई टीमों और एसओजी के साथ खोजबीन शुरू की। कुछ ही समय बाद अपहृत अंकित को मसकनवा गौशाला तिराहा के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उमरिया पावर हाउस के पास आने वाले हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में विकास मिश्रा घायल हो गए, जबकि उसका साथी सौरभ डुबे भागने लगा, लेकिन उसे भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 58 हजार रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने हाल ही में एक व्यक्ति से मारपीट कर पैसे छीनने की वारदात भी कबूल की।







