मुरादाबाद। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोनकपुर ओवरब्रिज के पास घने जंगल में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या की और बाद में उसी चाकू से खुद भी आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार मृतक विनोद उर्फ विक्की और उसकी पत्नी ममता नवीन नगर के रहने वाले थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे विनोद ने ममता से कहा कि वे होली मिलने के लिए ससुराल जा रहे हैं। ममता उसके साथ बाइक पर बैठकर चल दी, लेकिन ससुराल ले जाने के बजाय विनोद उसे सोनकपुर के जंगल में ले गया। सुनसान जगह देखकर विनोद ने ममता पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद के पेट में चाकू मारकर अपनी भी जान दे दी। परिजनों के मुताबिक, शादी को करीब नौ साल हो चुके थे, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं थी। इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। ममता के परिवार का आरोप है कि विनोद दूसरी शादी करना चाहता था और इसी कारण वह ममता को प्रताड़ित करता था। इस मामले में कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि काशीराम कॉलोनी के पास जंगल में दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर पति-पत्नी के शव कुछ दूरी पर पड़े मिले और पास ही उनकी बाइक भी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।







