हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी के कुछ ही दिनों बाद एक अनोखा मामला सामने आया है। सुहागरात पर दुल्हन ने अपने पति को बताया कि वह किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और परिवार के दबाव में उसकी शादी कराई गई है। इसके बाद उसने पति के साथ वैवाहिक जीवन बिताने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को दोनों का विवाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था। शादी के बाद पहली रात दुल्हन ने अपने प्रेम संबंध की जानकारी पति को दी। दूल्हे ने विवाद करने के बजाय संयम बरतते हुए अगले दिन पूरी बात अपने परिजनों को बता दी। मामले की जानकारी मिलने पर दोनों परिवारों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही। करीब तीन दिन तक चली बातचीत के बाद 28 जून को दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत हुई। पंचायत में आपसी सहमति से युवती को उसके प्रेमी के साथ भेजने का फैसला लिया गया। मामले में भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो, इसके लिए दूल्हे और उसके पिता ने महिला थाने में लिखित सूचना दी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है और मामले में फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।







