जैसलमेर। जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। बोहा-गोगादे मार्ग के पास सुनसान इलाके में मिला शव बीकानेर के नोखा निवासी ठेकेदार अमरचंद सोनी का निकला। अमरचंद डिग्गी निर्माण कार्य के सिलसिले में जैसलमेर आए हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले ठेकेदार के साथ लूटपाट की और फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर मिले ट्रैक्टर के टायरों के निशानों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 4 से 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में परिजनों से संपर्क होने पर मृतक की पहचान अमरचंद सोनी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।







