सिंगरौली। मानसून की आहट के साथ ही नगर पालिक निगम सिंगरौली ने शहर को जलभराव और मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए कमर कस ली है। निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान तेज करते हुए नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिक निगम सिंगरौली ने शहरभर में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक कार्रवाई की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी ने वार्ड क्रमांक 12 सिम्प्लेक्स कॉलोनी, 23 नवानगर और 40 कटरा मार्केट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए। नवानगर क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा और झाड़ियां हटाकर जल निकासी मार्गों को साफ किया गया, जबकि कटरा मार्केट में नालियों की गहन सफाई कर जलभराव की आशंका को कम करने का प्रयास किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं नागरिकों से भी नालियों में कचरा और पॉलिथीन न फेंकने की अपील की गई है, ताकि बारिश के दौरान शहर को जलभराव और गंदगी से बचाया जा सके।






