सिंगरौली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् के तत्वावधान में जिला पंचायत सभागार में स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक विकास, जनभागीदारी और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद् के शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी ने कहा कि स्वैच्छिक संगठन समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को सक्रिय होकर जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि एवं जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने कहा कि स्वैच्छिक संगठनों को सामाजिक सरोकारों से जुड़े किसी एक विषय पर विशेष रूप से कार्य कर अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन और सामाजिक संगठनों के समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिल सकती है।
कार्यशाला में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अवनीश दुबे ने स्वैच्छिक संगठनों के पंजीयन, संचालन और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संगठनों को नियमों के अनुरूप कार्य करते हुए समाजहित में प्रभावी योगदान देने का सुझाव दिया। बैठक में जिले भर से आए सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनों की कार्यक्षमता बढ़ाना और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर जनहित के कार्यों में अधिक प्रभावी बनाना रहा।







