सिंगरौली। रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने नवानगर थाना क्षेत्र के महुआमोड़ में एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे बने प्रतीक्षालय में खड़े लोगों पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। इस हादसे में 30 वर्षीय सुनीता शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआमोड़ में रविवार देर रात तेज आंधी और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे बने प्रतीक्षालय पर अचानक विशाल पेड़ गिर जाने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए एक दर्जन से अधिक लोग प्रतीक्षालय में खड़े थे। इसी दौरान तेज तूफान के कारण पास का एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर प्रतीक्षालय पर आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हालांकि अधिकांश लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन करीब 30 वर्षीय सुनीता शाह अपने दो छोटे बच्चों के साथ मलबे में दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन सुनीता शाह को बचाया नहीं जा सका। वहीं गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को उपचार के लिए एनसीएल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल भी देखने को मिला। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और मौके पर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।







