best news portal development company in india

स्थापना दिवस पर सिंगरौली को मिली 552 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री बोले- ऊर्जा में प्रदेश की पहचान बना जिला

SHARE:

सिंगरौली। जिले के 18वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले को प्रदेश की ऊर्जा राजधानी बताते हुए कहा कि सिंगरौली आज विकास और औद्योगिक प्रगति का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यहां की धरती खनिज संपदा से भरपूर है और जिले के लोगों की मेहनत ने सिंगरौली को नई पहचान दिलाई है।

NTPC के उमंग सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 552 करोड़ रुपये लागत के 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही विभिन्न हितग्राही योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश अब जरूरत से ज्यादा बिजली उत्पादन कर दूसरे राज्यों को भी ऊर्जा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण का संदेश देते हुए बताया कि वे खुद हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक बस से पहुंचे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण, शिक्षा और स्वरोजगार को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय और गीता भवन बनाकर नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति से जोड़ा जाएगा। समारोह के दौरान लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Comment