best news portal development company in india

उतानीपाठ में आयुक्त का सख्त एक्शन, एएनएम और पटवारी पर गिरी गाज

SHARE:

सिंगरौली। रीवा संभाग के आयुक्त बी.एस. जामोद ने बैढ़न क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल ग्राम उतानीपाठ का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

जन चौपाल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और राजस्व कार्यों में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित एएनएम और पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने शिकायत की कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर टीकाकरण नहीं हो रहा है। मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी टीका न लगने की पुष्टि की, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने और सभी बच्चों व गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। एक दिव्यांग महिला ने पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में पंचायत सचिव द्वारा ई-केवाईसी लंबित पाए जाने पर आयुक्त ने सचिव के वेतन से राशि काटकर महिला को भुगतान करने के निर्देश दिए। वहीं, लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत पर संबंधित पटवारी पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दौरे के दौरान आयुक्त और कलेक्टर गौरव बैनल ने सीएसआर मद से कराए जा रहे तालाब गहरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करते हुए ‘जल रोको अभियान’ में भागीदारी की अपील की।

Leave a Comment