best news portal development company in india

30 जून तक पूरी हों अधूरी नलजल योजनाएं, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधूरी नलजल योजनाएं 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पेयजल व्यवस्था, गेहूं उपार्जन, जल संरक्षण अभियान, जनगणना और सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

कमिश्नर ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पेयजल से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जिलों को पर्याप्त मात्रा में राइजर पाइप और सिंगल फेज मोटर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिनका उपयोग जरूरत के अनुसार किया जाए। साथ ही पूर्ण नलजल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को समारोहपूर्वक हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि खरीदे गए गेहूं का दो दिन के भीतर 90 प्रतिशत उठाव कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों को तीन दिवस के भीतर भुगतान किया जाए। परिवहन में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण कार्यों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में जनगणना कार्य, कुपोषण नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा की गुणवत्ता, वनाधिकार दावों के सत्यापन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं स्वच्छता सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर गौरव बैनल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment