सिंगरौली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने विकासखंड चितरंगी का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत भवन और सामुदायिक भवन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
विकासखंड चितरंगी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने क्षेत्र का सघन दौरा कर निर्माण कार्यों और जल संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्ट्स की जमीनी हकीकत परखी। दौरे के दौरान सीईओ ने नवनिर्मित जनपद पंचायत भवन और सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचा हुआ काम तय समयसीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए सीईओ ने तालाबों के गहरीकरण, गाद निकासी और जल स्रोतों के पुनरुद्धार कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने साफ शब्दों में चेताया कि तकनीकी मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीईओ ने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े ये प्रयास आने वाले समय में क्षेत्र के लिए बेहद अहम साबित होंगे, इसलिए सभी विभाग मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे।







