सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा अधिनियम और भू-अर्जन से जुड़े लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि 50 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का दो दिनों के भीतर निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कलेक्टर ने साफ कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लोक सेवा अधिनियम, भू-अर्जन और राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण जैसे मामलों के समयबद्ध निपटारे पर जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।







