best news portal development company in india

सिंगरौली में गेहूँ उपार्जन तेज, 39 हजार क्विंटल से अधिक खरीदी पूर्ण

SHARE:

सिंगरौली। रीवा संभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन (नान) पी.के. परामूर्ति ने आज सिंगरौली जिले के विभिन्न गेहूँ उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवानगर, वैढ़न एवं देवगवा केंद्रों का दौरा कर वहाँ उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आरएम ने केंद्र प्रभारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उपयुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 अप्रैल 2026 की स्थिति में जिले के 48 उपार्जन केंद्रों में से 40 केंद्रों पर गेहूँ खरीदी का कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिले में इस वर्ष 22,000 मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 39,331 क्विंटल गेहूँ की खरीद की जा चुकी है। आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 11,278 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 4,269 किसानों ने स्लॉट बुकिंग की है तथा 1,871 किसान अपनी उपज सफलतापूर्वक बेच चुके हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर पानी, छाया और बारदानों की उपलब्धता का भी जायजा लिया। हालांकि अब तक खरीदे गए गेहूँ के परिवहन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है, जिसे जल्द प्रारंभ किए जाने की बात कही गई है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित स्लॉट एवं समय के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों पर पहुँचें, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित की जा सके।

Leave a Comment