सिंगरौली। “सशक्त नारी, सशक्त समाज” की सोच को साकार करने की दिशा में जिला पंचायत सभागार में एक प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सम्पतिया उईके और राधा सिंह की गरिमामय उपस्थिति ने महिला जनप्रतिनिधियों का उत्साह दोगुना कर दिया।
जिला पंचायत सभागार में पंचायती राज संस्थाओं में महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सम्पतिया उईके एवं राधा सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। “सशक्त नारी, सशक्त समाज” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ बनाना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है और महिला नेतृत्व से विकास कार्यों में पारदर्शिता व संवेदनशीलता बढ़ती है। उन्होंने महिला प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्राम सभा, जनपद पंचायत एवं अधिकारियों के साथ अपने विचार स्पष्ट रूप से रखें तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी क्षमता को और मजबूत करें। कार्यक्रम में पंचायतों के विकास हेतु एक्शन प्लान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, योजनाओं की प्राथमिकता तय करने तथा संसाधनों के समुचित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। आंगनवाड़ी, सड़क, पेयजल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई।






