खरगोन। जिले के कसरावद में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कसरावद थाने में पदस्थ एएसआई रविंद्र कुमार गुरु को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय लोकायुक्त टीम ने पकड़ लिया। यह कार्रवाई फरियादी श्यामलाल उपाध्याय की शिकायत के आधार पर की गई। फरियादी का आरोप था कि एक मामले के निराकरण के बदले एएसआई द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी, जो बाद में 10 हजार रुपये में तय हुई। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर कसरावद बस स्टैंड पर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही 3 हजार रुपये ले चुका था और शेष 7 हजार रुपये लेते समय गिरफ्त में आ गया। लोकायुक्त इंदौर के निरीक्षक सचिन पटेरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







