best news portal development company in india

बिलौजी में जिला स्तरीय सूर्योपासना पर्व, विक्रमोत्सव में गूंजी भारतीय संस्कृति की झलक

SHARE:

सिंगरौली। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में जिला स्तरीय सूर्योपासना पर्व एवं विक्रमोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमें, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्यमंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्राट विक्रमादित्य भारतीय इतिहास के महान, पराक्रमी और न्यायप्रिय शासक थे, जिनके नाम पर विक्रम संवत की शुरुआत हुई। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि विक्रम संवत आज भी भारतीय पंचांग का प्रमुख आधार है। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने के लिए पौधारोपण करने का आह्वान किया।

विधायक राम निवास शाह ने विक्रम संवत नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने देश, प्रदेश और जिले की समृद्धि की कामना की।

देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि यह दिन सांस्कृतिक पुनर्स्थापना का प्रतीक है और हमें अपनी प्राचीन परंपराओं एवं विरासत से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी के कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में अतिथियों ने कलाकारों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

Leave a Comment