सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनरुद्धार के उद्देश्य से नगरीय क्षेत्र में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत ढोटी तालाब की साफ-सफाई के साथ हुई, जिसमें विधायक राम निवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, विधायक प्रतिनिधि अरविंद द्विवेदी और नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से नगरीय क्षेत्र में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की शुरुआत ढोटी तालाब की साफ-सफाई के साथ की गई। इस दौरान विधायक राम निवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, विधायक प्रतिनिधि अरविंद द्विवेदी और डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर अभियान का आगाज किया। अभियान का उद्देश्य शहर में स्थित पारंपरिक जल स्रोतों—कुओं, बावड़ियों, तालाबों और नदियों की सफाई, गहरीकरण और संरक्षण करना है, साथ ही नई जल संरचनाओं के निर्माण को बढ़ावा देना भी है।
विधायक राम निवास शाह ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखें और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से इसमें जुड़कर इसे सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी, सामाजिक कार्यकर्ता, आईईसी टीम के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







