कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक गैस एजेंसी पर मामूली विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि एजेंसी की एक महिला कर्मचारी ने लाइन में खड़ी युवती को थप्पड़ मार दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोग भड़क गए और एजेंसी के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
जिले के चकेरी थाना क्षेत्र में एचएएल टाउनशिप के सामने स्थित एक गैस एजेंसी पर शनिवार सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब पासबुक को लेकर हुए विवाद में एजेंसी की महिला कर्मचारी पर एक युवती को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भड़क गई और एजेंसी के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी।
दरअसल गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही एजेंसी पर करीब 100 से अधिक लोग लाइन में लगे थे। इसी दौरान कतार में खड़ी पलक सिंह नाम की युवती और एजेंसी की महिला कर्मचारी के बीच पासबुक को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। युवती का आरोप है कि पासबुक वापस मांगने पर कर्मचारी ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना से नाराज लोगों ने एजेंसी के खिलाफ विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।







