महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 30 वर्षीय बैंक कर्मचारी अयास विश्वनाथ अमीन ने आवारा कुत्ते के काटने के बाद रेबीज (Rabies) होने के डर से अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, अयास अपने परिवार के साथ कल्याण पूर्व के तीसगांव नाका इलाके में रहते थे और पिछले आठ वर्षों से भारत बैंक (Bharat Bank), ठाणे शाखा में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले उन्हें एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उन्होंने एंटी-रेबीज वैक्सीन का पहला इंजेक्शन लगवाया, लेकिन परिवार का कहना है कि उन्होंने केवल एक ही डोज लिया था। घटना के बाद अयास के व्यवहार में अचानक बदलाव देखा गया। वह लगातार अपनी सेहत को लेकर चिंतित रहने लगे और यह डर सताने लगा कि कहीं उन्हें रेबीज तो नहीं हो गया। तनाव और डर के कारण रविवार को उन्होंने अपने जीवन का अंत कर लिया। स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें अयास ने स्पष्ट लिखा कि कुत्ते के काटने के बाद उन्हें डर है कि रेबीज का संक्रमण हो जाएगा।पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और आगे की जांच जारी है।







