फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि मंडप में ही जमकर मारपीट हो गई और आखिरकार दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।
जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में बुधवार रात आयोजित शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, लड़की पक्ष प्रयागराज से बारात स्थल पर पहुंचा था। जयमाल और अन्य रस्में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो चुकी थीं। तड़के करीब चार बजे मंडप में जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी, तभी पास में बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि लड़के पक्ष के एक युवक ने गुस्से में कुत्ते को मार दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और लाठी-डंडे व कुर्सियां चलने लगीं। मारपीट में लड़की पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि लड़के पक्ष के भी दो लोग जख्मी बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गुरुवार को दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी। दुल्हन ने स्पष्ट रूप से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिए गए उपहार और सामान वापस कर दिए। खागा कोतवाली पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







