best news portal development company in india

साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं: विधायक रामनिवास शाह

SHARE:

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए गए 15 दिवसीय SAFE CLICK-2026 अभियान 2.0 का समापन समारोह एनटीपीसी विंध्यनगर के मैत्री सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और इनसे बचने का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना पुष्टि किए विश्वास नहीं करना चाहिए।

समारोह में पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने नागरिकों को साइबर अपराधों के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसियों का नाम लेकर लोगों को डराने का प्रयास करते हैं। उन्होंने अपील की कि ऐसी किसी भी कॉल या संदेश से घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें और आवश्यकता पड़ने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

विधायक ने सिंगरौली पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए गए साइबर जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों, बैंकों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया अपराधों के प्रति जागरूक करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। वहीं अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि SAFE CLICK-2026 अभियान 2.0 के तहत 15 दिनों तक जिलेभर में रैली, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हजारों नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

Leave a Comment