best news portal development company in india

कोर्ट परिसर में स्टांप की कालाबाजारी का आरोप, अधिवक्ता ने सौंपा आवेदन

SHARE:

सिंगरौली। जिला एवं सत्र न्यायालय बैढ़न परिसर में स्टांप बिक्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अधिवक्ता अनु पटेल ने कलेक्टर एवं जिला पंजीयक को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि न्यायालय परिसर में कुछ स्टांप विक्रेता निर्धारित सरकारी दरों से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 100 रुपये का स्टांप 150 से 200 रुपये और 50 रुपये का स्टांप 70 से 100 रुपये तक में बेचा जा रहा है। इतना ही नहीं, कई बार निर्धारित मूल्य पर स्टांप उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर ग्राहकों को अधिक कीमत चुकाने के लिए मजबूर किया जाता है। अधिवक्ता ने अपने आवेदन में एक लेन-देन का भी उल्लेख किया है। उनका दावा है कि आठ शपथ पत्रों के लिए 16 स्टांपों के बदले 2,400 रुपये लिए गए, जबकि वास्तविक कीमत 1,600 रुपये होनी चाहिए थी। उन्होंने भुगतान का यूटीआर उपलब्ध होने की बात कहते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई स्टांप विक्रेताओं ने अपने प्रतिष्ठानों पर निर्धारित दरों की सूची तक प्रदर्शित नहीं की है, जो नियमों का उल्लंघन है। अब यह मामला प्रशासन के पास पहुंच गया है और शिकायतकर्ता ने स्टांप बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ नियमित निरीक्षण और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment