नेशनल डेस्क। झारखंड के धनबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। सरकारी नौकरी पाने की चाहत में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की सुपारी दे डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे विजय चौहान और उसके दो साथियों अमित सिंह व अखिलेश मल्लाह को गिरफ्तार कर लिया है।
झारखंड के धनबाद जिले में सरकारी नौकरी पाने की लालच में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे विजय चौहान और उसके दो साथियों अमित सिंह व अखिलेश मल्लाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक तुलेश्वर नोनिया बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की बरोरा कोयला खदान में कार्यरत थे और उनकी सेवानिवृत्ति में दो वर्ष शेष थे। आरोपी बेटा पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत नौकरी पाना चाहता था। इसी मकसद से उसने अपने साथियों को 10 लाख रुपये की सुपारी देने का वादा कर हत्या की योजना बनाई। 19 जून की रात ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों ने तुलेश्वर नोनिया को मोटरसाइकिल से सुनसान स्थान पर ले जाकर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरा कुचल दिया और शव को सड़क पर फेंककर घटना को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया। जांच के दौरान बीसीसीएल परिसर के सीसीटीवी फुटेज में मृतक आरोपियों के साथ जाते दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे अनुकंपा नियुक्ति के तहत सरकारी नौकरी हासिल करने की मंशा मुख्य कारण थी। मामले की जांच जारी है।







