पूर्वी चंपारण। एक परिवार की खुशियों भरी विदाई कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। रामगढ़वा-रक्सौल राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े एक परिवार को रौंद दिया, जिससे मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंहोरवा गांव निवासी सावित्री देवी अपने मायके भलुअहिया से ससुराल लौट रही थीं। उन्हें बस तक छोड़ने के लिए उनकी मां मुन्नी देवी और अन्य परिजन सड़क किनारे खड़े थे। तभी अनियंत्रित कंटेनर ने पांचों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा रही है। हाईवे पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।






