best news portal development company in india

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में जताई नाराजगी, प्रगति सुधारने के दिए निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। जिले में कुपोषण मुक्त सिंगरौली के लक्ष्य को लेकर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया। निर्धारित मापदंडों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर पोर्टल, आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों, कुपोषित बच्चों की स्थिति तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं और बच्चों तक पोषण आहार की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा सभी आंकड़ों का नियमित सत्यापन किया जाए। कलेक्टर ने सैम, मैम और एसयूडब्ल्यू श्रेणी के बच्चों की पहचान के लिए डोर-टू-डोर सर्वे कराने तथा गंभीर कुपोषित बच्चों को तत्काल उपचार और पोषण पुनर्वास केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की रिकवरी दर बढ़ाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।

बैठक में देवसर और चितरंगी के दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाने, छूटे हुए हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने घोषणा की कि अब प्रत्येक शनिवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि योजनाओं की प्रगति में लापरवाही या निर्धारित लक्ष्यों में कमी पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Comment