सिंगरौली। आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अटल सामुदायिक भवन में जन कल्याण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशन में आयोजित शिविर में आयुष्मान कार्ड, पात्रता पर्ची, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों का मौके पर परीक्षण कर त्वरित स्वीकृति दी जा रही है। इससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। शिविर में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल समाधान कर रहे हैं। नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न रहे।






