सिंगरौली। पारंपरिक लोक संस्कृति और आदिवासी कला को सम्मान देते हुए ग्राम भरसेड़ी के बैगा कलाकारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिंगरौली प्रवास के दौरान अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का दिल जीतने वाले इन कलाकारों को ₹10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए गए।
‘सिंगरौली महोत्सव’ के दौरान इन कलाकारों ने पारंपरिक शैला नृत्य और गुदुम वादन की आकर्षक प्रस्तुति दी थी, जिससे प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने मंच से ही प्रत्येक कलाकार को ₹10 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत आयोजित सम्मान समारोह में कलाकारों का फूलमाला और गुलदस्तों से स्वागत किया गया और उन्हें सम्मान राशि के चेक सौंपे गए। सम्मान पाकर कलाकारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कलाकारों ने इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस प्रोत्साहन से उनकी पारंपरिक लोक कला को नई पहचान और हौसला मिला है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी आदिवासी संस्कृति और लोक कला के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।







