सिंगरौली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की सुगमता और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर विकासखंड देवसर के दो उप स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाई गईं दो एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन लगातार सख्ती दिखा रहा है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर विकासखंड देवसर के दो उप स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाई गईं दो एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार 13 मई को जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र ओड़गड़ी और सजहर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ओड़गड़ी में पदस्थ एएनएम श्रीमती सुधा सिंह तथा सजहर में पदस्थ एएनएम श्रीमती ऊषा तिवारी बिना किसी सूचना या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिलीं। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी देवसर डॉ. सी.एल. सिंह ने इसे शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है। अधिकारियों के मुताबिक कर्मचारियों की अनुपस्थिति से ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। कलेक्टर के निर्देशानुसार दोनों एएनएम का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। साथ ही दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।







