सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र स्थित धनहा तालाब के संरक्षण और विकास को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर गौरव बैनल ने धनहा तालाब का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि तालाब के संरक्षण और विकास से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने तालाब के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, हरियाली विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को तालाब परिसर में बैठने की व्यवस्था एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ सके। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत देवसर अध्यक्ष प्रणव पाठक, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







