best news portal development company in india

जल संरक्षण अभियान को मिली रफ्तार, अदानी और हिन्डालको करेंगे तालाबों का जीर्णोद्धार

SHARE:

सिंगरौली। जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर गौरव बैनल ने देवसर स्थित मंगल भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जल संरक्षण, पीएम जनमन योजना और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी मानसून को देखते हुए चिन्हित तालाबों के गहरीकरण का कार्य आगामी सोमवार से अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। अधिकारियों को तकनीकी अमले के साथ समन्वय कर कार्यस्थलों का निरीक्षण करने तथा वर्षा जल संचयन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तालाबों के किनारों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराने को कहा गया। बैठक में कलेक्टर ने जिले में कार्यरत औद्योगिक कंपनियों को भी अभियान से जोड़ते हुए अदानी समूह को सीएसआर मद से 15 तालाबों तथा हिन्डालको को 10 तालाबों के जीर्णोद्धार का जिम्मा सौंपा। दोनों कंपनियां अपने सीएसआर फंड से तालाबों के सुधार और संरक्षण का कार्य करेंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम जनमन) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि लाभार्थियों को मिलने वाली किश्तों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण का भौतिक सत्यापन कर तत्काल अगली किश्त जारी की जाए, ताकि सभी स्वीकृत आवास समयसीमा में पूर्ण हो सकें। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड दस्तावेजों या तकनीकी कारणों से नहीं बन पा रहे हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment