सिंगरौली। जिले में ‘जनगणना 2027’ महाअभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने तहसील दुधमनिया अंतर्गत ग्राम बिरकुनियां में शंखनाद के साथ प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने डिजिटल जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वयं प्रगणक की भूमिका निभाई। उन्होंने उप-स्वास्थ्य केंद्र बिरकुनियां से अभियान की शुरुआत करते हुए भवन पर जनगणना नंबर अंकित किया और इसके बाद गांव के घर-घर जाकर मकानों की नंबरिंग कर लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिल सके।







