सिंगरौली। जिले में ‘जनगणना 2027’ महाअभियान का औपचारिक आगाज़ हो गया है। कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव बैनल के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के तहत 1 मई से 30 मई तक पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग और सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचकर डिजिटल माध्यम से मकानों की मार्किंग कर रहे हैं और परिवारों की प्रारंभिक जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। वहीं, अभियान की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय अधिकारी भी लगातार फील्ड में रहकर निरीक्षण कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। इसी के आधार पर आने वाले समय में जिले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाएं तैयार की जाएंगी।
कलेक्टर गौरव बैनल ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय सहयोग दें और प्रगणकों को सटीक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में सिंगरौली की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।







