best news portal development company in india

कलेक्टर का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, कई खामियां उजागर—तत्काल कार्रवाई के निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मेडिसिन, नेत्र और आर्थोपेडिक ओपीडी का निरीक्षण किया, जहां आर्थोपेडिक डॉक्टर ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित मिले। साथ ही ओपीडी पर्ची और रजिस्टर में गड़बड़ी भी सामने आई। इस पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को संबंधित के खिलाफ स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई करने को कहा। सबसे बड़ी लापरवाही ओपीडी काउंटर पर सामने आई, जहां मुफ्त श्रेणी के मरीजों से भी शुल्क वसूला जा रहा था। इस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ऑपरेटर को तत्काल हटाने और काउंटर संचालित करने वाली संस्था पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी, आईसीयू, एसएनसीयू, सर्जिकल और जनरल वार्ड सहित कई विभागों में साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए नियमित सफाई, बेडशीट बदलने और मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने बंद पड़े एसी और कूलर तुरंत चालू कराने, लॉन्ड्री मशीन शुरू करने और संवेदनशील वार्डों में 24 घंटे स्टाफ की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएनसीयू में शिशु मृत्यु के मामलों की नियमित समीक्षा और रिकॉर्ड संधारण सुधारने पर भी जोर दिया गया।इसके अलावा कलेक्टर ने ट्रॉमा सेंटर में प्रस्तावित ब्लड बैंक स्थल का निरीक्षण कर जल्द संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment