सिंगरौली। जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक विकास और खेल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय शतरंज कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल कलेक्टर श्री गौरव बैनल की मंशा के अनुरूप की गई है, जिसमें बच्चों की तार्किक क्षमता और एकाग्रता को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यशाला का आयोजन सिंगरौली चैस एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं शासकीय कन्या विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को शतरंज की विभिन्न चालों, रणनीतियों और खेल के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य छात्रों में बौद्धिक विकास, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना है। कार्यशाला के प्रति विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।







