best news portal development company in india

राज्यमंत्री की मौजूदगी में सिंगरौली में धूमधाम से मनाया गया ‘स्कूल चले हम’ प्रवेशोत्सव

SHARE:

सिंगरौली। प्रदेश के शासकीय स्कूलों में नए शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर ‘स्कूल चले हम’ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन जिले में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में आयोजित हुआ, जहां राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग) की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्टेशनरी किट और पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है, और प्रदेश सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने भी अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवेश अभियान के दौरान कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उन्होंने बताया कि बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, खेल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सीएसआर मद से खेल सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जा रहा है तथा 9 से 14 वर्ष की छात्राओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में बने सेल्फी प्वाइंट पर जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। साथ ही मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इसी तरह जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर स्वागत करते हुए प्रवेशोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में पार्षद सीमा जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment