गोंडा। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में लापता युवती शीला हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में बिहार निवासी आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में लापता युवती शीला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार निवासी अरुण कुमार ने प्यार, पैसों और शक के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को शीला नाम की युवती के लापता होने की सूचना उसके पिता अशोक कुमार ने कोतवाली में दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच 2 अप्रैल को गन्ने के खेत में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान परिजनों से कराई, जिसमें वह शीला निकली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच के लिए चार टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शीला से साल 2022 में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों साथ में रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे और कई बार मिल भी चुके थे। आरोपी ने बताया कि वह शीला से प्यार करता था और उसे करीब डेढ़ लाख रुपये नगद व ऑनलाइन दे चुका था। 9 मार्च को भी उसने 11 हजार रुपये भेजे थे। इसके बाद भी युवती लगातार पैसे की मांग कर रही थी। साथ ही आरोपी को शक था कि वह किसी अन्य युवक से भी बात कर रही है, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 29 मार्च को उसने शीला को रील बनाने के बहाने ग्राम भदवल के पास गन्ने के खेत में बुलाया, जहां उसके हाथ बांधकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हथियार को च्यवन मुनि आश्रम के पास झाड़ियों में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।







