शाहजहांपुर। जिले के कटरा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर की करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर दी है। यह कार्रवाई दिल्ली स्थित सफेमा कोर्ट के आदेश पर की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि कटरा कस्बे का रहने वाला बाबू उर्फ रियाज (45) लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। उसके खिलाफ शाहजहांपुर, बरेली और मुजफ्फरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
जिले के कटरा क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर दी है। यह कार्रवाई सफेमा कोर्ट के आदेश पर मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के अनुसार, कटरा निवासी बाबू उर्फ रियाज (45) लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। उसके खिलाफ शाहजहांपुर, बरेली और मुजफ्फरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि तस्करी से अर्जित अवैध धन से आरोपी ने करीब 200 बीघा जमीन, चार मकान, दो शोरूम और एक ईंट भट्ठा खड़ा किया था। इन सभी संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सीज कर लिया गया है। सीज की गई संपत्ति आरोपी और उसकी पत्नी तबस्सुम के नाम पर दर्ज थी। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और संपत्तियों पर सीज के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब इस संपत्ति का न तो विक्रय किया जा सकेगा और न ही हस्तांतरण। फिलहाल कटरा थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।







