सिंगरौली। ककरी क्षेत्र के एकलव्य मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 10वीं एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता (2025-26) का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में निगाही क्षेत्र की टीम ने बीना को 4-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बीना टीम उपविजेता रही।
ककरी क्षेत्र के एकलव्य मैदान में 24 से 26 मार्च तक आयोजित 10वीं एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का गुरुवार को शानदार समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में निगाही टीम ने बीना को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि बीना को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एनसीएल के निदेशक (वित्त) रजनीश नारायण ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है। उन्होंने छात्रों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और महिला खिलाड़ियों को भी आगे आने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक (ककरी क्षेत्र) सुधीर कुमार झा ने स्वागत भाषण में कहा कि एनसीएल ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रतियोगिता में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की 11 टीमों के 198 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान डीएवी विद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
समारोह में एनसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, जेसीसी सदस्य, खेल समिति, कर्मचारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में मानव संसाधन विभाग के स्टाफ अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।







