सिंगरौली। रबी विपणन वर्ष में चना एवं मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिले भर में उपार्जन केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार, विभिन्न प्राथमिक कृषि साख समितियों में पंजीकृत किसानों से तय समर्थन मूल्य पर चना और मसूर की खरीदी की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर तौल, भंडारण, गुणवत्ता परीक्षण और समय पर भुगतान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खरीदी कार्य की निगरानी के लिए जिला स्तर पर उपार्जन समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर करेंगे। समिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है, जो खरीदी, भंडारण, परिवहन और भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, प्रत्येक उपखंड में उपखण्ड स्तरीय उपार्जन समितियाँ भी गठित की गई हैं। इन समितियों की अध्यक्षता संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करेंगे। ये समितियाँ उपार्जन केंद्रों के संचालन की निगरानी, किसानों की समस्याओं के समाधान और आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण का कार्य करेंगी।







