सिंगरौली। मध्यप्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा “विद्यारंभ समारोह” के माध्यम से एक नई पहल की जा रही है। उक्त योजना के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में शाला पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे 5 से 6 वर्ष के बच्चों को “विद्यारंभ प्रमाण-पत्र” देकर उन्हें औपचारिक स्कूली शिक्षा की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए “विद्यारंभ समारोह” के माध्यम से बच्चों को स्कूल से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित सामुदायिक भवन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन से हुई।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ रहे 5 से 6 वर्ष के बच्चों को औपचारिक शिक्षा की ओर प्रेरित करना और स्कूल ड्रॉपआउट दर को कम करना है। महिला एवं बाल विकास विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग मिलकर कक्षा पहली में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक राम निवास शाह ने कहा कि राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल, गीत-संगीत और पोषण के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें। समारोह के दौरान बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें “विद्यारंभ प्रमाण-पत्र” प्रदान कर नई कक्षा में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दी गईं।







