सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पिडरवाह-चितरवई जंगल में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्याकांड में किसी और का नहीं, बल्कि महिला के अपने ही पति का हाथ निकला।
जानकारी के अनुसार 17 मार्च को जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव करीब 6-7 दिन पुराना था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल व अस्पताल रिकॉर्ड के आधार पर मृतका की पहचान मृत्तिका के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के पति जहरुद्दीन अंसारी पर शक हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब 20 साल पहले दूसरी शादी कर ली थी, जिसके कारण पहली पत्नी से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन आरोपी पत्नी को बाइक से जंगल ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंककर वह घर लौट आया और सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238(a) के तहत मामला दर्ज कर 21 मार्च को गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







