सिंगरौली। जिले के निगरी स्थित मौहरी टोला में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाब गहरीकरण एवं गाद निकासी कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने विधिवत भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की।
जिले के निगरी स्थित मौहरी टोला में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाब गहरीकरण एवं गाद निकासी कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने विधिवत भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की।
उक्त अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह कार्य केवल विकास नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित करने का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने बताया कि निगरी क्षेत्र में कुल 5 जल संरचनाएं हैं, जिनमें यह प्रमुख तालाब लगभग 2.50 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका गहरीकरण वर्षा जल संचयन बढ़ाने और जल संकट से बचने के लिए बेहद जरूरी है। मंत्री ने कहा कि “जल ही जीवन है” और इसके संरक्षण के बिना आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। तालाब गहरीकरण से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, पशुओं के लिए जल उपलब्ध रहेगा और क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन भी बेहतर होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि इस कार्य को केवल सरकारी योजना न समझें, बल्कि अपनी जिम्मेदारी मानते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान सफल होते हैं।







