बहराइच। जिले के मटेरा चौराहे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिले मे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी। बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। हादसे में हरदी थाना क्षेत्र निवासी सोनू निषाद की पत्नी मंगला और दो वर्षीय मासूम बेटा शिवा की मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि सोनू अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से बहराइच जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को रिसिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मंगला और शिवा को मृत घोषित कर दिया।







