अलीगढ़। जिले के अकराबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित रूप से पहले अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और बाद में खुद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जिले के अकराबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 25 वर्षीय युवक शशि कपूर का शव गांधी पार्क थाना क्षेत्र के भदेसी पला रेलवे ट्रैक पर मिला था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच शनिवार सुबह एक खंडहर में एक युवती का शव संदिग्ध हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। युवती का शव नग्न अवस्था में मिला और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। जांच में पता चला कि युवती की शादी अप्रैल में तय थी। पुलिस ने जब दोनों मामलों की कड़ियां जोड़ीं तो सामने आया कि मृत युवक शशि कपूर ही युवती का प्रेमी था।
आरोप है कि उसने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक ने युवती के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। साथ ही उसने एक छोटा वीडियो भी बनाया था, जिसमें अंत में “द एंड” कहा गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अकराबाद और गांधी पार्क थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।







